छत्तीसगढ़ में मानसून हुआ मेहरबान, अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है। कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है।

बुधवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका और उत्तर छत्तीसगढ़ से दक्षिण ओडिशा तक बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण प्रदेशभर में बारिश का दौर लगातार बना रहेगा। यही वजह है कि कई जिलों में तेज बारिश देखने को मिल रही है।

बीते 24 घंटों में रायगढ़ जिले में सबसे अधिक 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पेंड्रा में 120 मिमी, पुसौर और तमनार में 100 मिमी, बरपाली में 90 मिमी तथा सारंगढ़, रामचंद्रपुर, मालखरौदा, कुटरू, अकलतरा, बम्हनीडीह, डभरा, अड़भार, बलौदा और दोरा कोचली में 70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं सरसीवा, दर्री, खरसिया, मस्तूरी, वाड्रफनगर, लटोरी, नवागढ़, छिंदगढ़, कापू और अमलीपदर में 60 मिमी वर्षा दर्ज हुई।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसानों और आम नागरिकों को भी मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *